कंजर समाज महापंचायत की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

भीलवाड़ा -चित्तौड़गढ़ किला रोड स्थित श्री सांवरिया विश्रांत गृह में रविवार को कंजर समाज महापंचायत संस्थान की एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एडवोकेट प्रकाश कर्मावत ने की, जिसमें राजस्थान के विभिन्न जिलों - झालावाड़, टोंक, बारां, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, भीलवाड़ा, अलवर और अजमेर से समाज के प्रबुद्धजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान प्रदेश संरक्षक भोलू राम ने बताया कि वर्ष 2019 में बूंदी स्थित सती माता मंदिर पर ग्यारसी लाल गोगावत को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। नियमानुसार उनका कार्यकाल 5 वर्ष के लिए निर्धारित था। कार्यकाल की अवधि समाप्त होने और संगठन के प्रति सक्रियता न दिखाने के कारण, महापंचायत के सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें पद से हटाने का प्रस्ताव रखा। महापंचायत के कुल 11 सदस्यों में से 8 सदस्यों ने बहुमत से इस प्रस्ताव को पारित कर ग्यारसी लाल गोगावत को पदमुक्त करने का निर्णय लिया। अमित रामलावत और वीरमदेव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस निर्णय पर अपनी सहमति प्रदान की। सभी सदस्यों को माला पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया गया।
संगठन को नई दिशा देने के लिए निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट प्रकाश कर्मावत एवं सह-निर्वाचन अधिकारी प्रेम कर्मावत को बनाया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक प्रदेश में स्थाई सदस्य बनाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके पश्चात, मई 2026 में लोकतांत्रिक तरीके से नए प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा। निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक नए अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो जाता, तब तक पूर्व संगठन कोई भी आधिकारिक बैठक आयोजित नहीं करेगा। समाज में आज से ही आचार संहिता लागू करने की घोषणा की गई है।
वीर भारती सेना के प्रदेशाध्यक्ष भागचंद झंझावात ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और बहन-बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने आगामी बैठकों में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु एक श्महिला प्रदेश संगठनश् बनाने का ठोस सुझाव भी रखा।
बैठक में युवा कंजर समाज सेवा समिति के जिलाध्यक्ष राजकुमार झांझावत, कोषाध्यक्ष रजवंत झंझावात, सचिव कृष्ण कुमार कंजर, डॉ. राजवीर झंझावात, एडवोकेट रविन्द्र नानावत, महावीर झंझावात, कालू कंजर, अंकित, लक्ष्मण, शांति लाल, लाल, सुरेश, राधेश्याम, नंदराम, संत कुमार, दुर्गा शंकर, मन्नू, जगदीश चंद्र, ममता, नितिन, जोनी, रूपेश, नरेश, जीतू, शैतान, रमेश, नारायण, विष्णु, रतन सहित बड़ी संख्या में कंजर समाजबंधु उपस्थित रहे।
