भीलवाड़ा में बैंड की धुन पर निकला पथ संचलन, जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

भीलवाड़ा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती की पूर्व संध्या पर विद्या भारती द्वारा आयोजित विराट पथ संचलन में सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लेकर शहर को अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों के पूर्ण गणवेश में कदमताल और घोष दल की गूंज शास्त्रीनगर से लेकर पूरे मार्ग तक सुनाई दी, जिसे देखकर हर शहरवासी का सिर गर्व से ऊंचा हो गया।
पथ संचलन का शुभारंभ शास्त्रीनगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय से हुआ। भगवा ध्वज के पूजन के साथ संचलन की शुरुआत की गई। सटीक तालमेल के साथ कदम बढ़ाते सैकड़ों विद्यार्थियों का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा। संचलन का मुख्य आकर्षण विद्यालय का घोष दल रहा, जिसकी धुन पर विद्यार्थियों ने पूरे मार्ग में अनुशासित मार्च किया।
संचलन शास्त्रीनगर से बड़ला चौराहा, जुनावास और बड़ा मंदिर होते हुए हिंदू महासभा कार्यालय पहुंचा। इसके पश्चात भीमगंज थाना और सूचना केंद्र से होते हुए गोल प्याऊ चौराहे पर पहुंचा, जहां नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद पथ संचलन नेताजी सुभाष मार्केट, सिटी कोतवाली और सिंधुनगर से गुजरते हुए गुरुद्वारा और गुरु गोविंद सिंह चौराहे से वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संगठनों, व्यापारिक मंडलों और आम नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर नन्हे राष्ट्रभक्तों का उत्साहवर्धन किया। विद्या भारती के सचिव कैलाश सराफ ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, एकता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को जागृत करना था।
विद्यालय वापस पहुंचने पर सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन की सफलता के लिए विद्या भारती की ओर से पुलिस प्रशासन, नगर निगम एवं सहयोग करने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
