भीलवाड़ा में ब्रांड एम्बेसेडर गुप्ता ने स्वच्छ भारत मिशन को लेकर दी कड़ी हिदायतें ,चाहे कोई भी बड़ा अधिकारी हो, उसे बक्शा नहीं जाएगा
भीलवाड़ा। राजस्थान सरकार के ब्रांड एम्बेसेडर के.के. गुप्ता ने भीलवाड़ा में आयोजित स्वच्छ भारत मिशन कार्यशाला में कहा कि चाहे कोई भी बड़ा अधिकारी हो, यदि वह विश्वासघात करेगा तो सरकार द्वारा उसे बक्शा नहीं जाएगा। गुप्ता ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन में राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्पष्ट निर्देश हैं कि राजस्थान को स्वच्छ और विकसित बनाना है, और स्वच्छता के बिना कुछ भी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वच्छता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुप्ता ने बताया कि नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका को जो टिप्स दिए गए हैं उनकी पालना अधिकारी और कर्मचारी करेंगे, और इनकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि घरों से 100 प्रतिशत कचरा उठाया जाएगा और कचरा उठाने वाले कर्मचारी इसकी जिम्मेदारी निभाएंगे। सार्वजनिक शौचालय दिन में तीन बार साफ किए जाएंगे, चाहे वह शहर में हों या गांव-ढाणी में।
उन्होंने सड़कों, बगीचों और खाली प्लॉट की सफाई को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। यदि यह सफाई सुनिश्चित नहीं की गई तो जुर्माना लगाया जाएगा या सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। बाजारों में दुकानदार कचरा फेंकेंगे नहीं, बल्कि कचरा पात्र रखेंगे; ऐसा न होने पर जुर्माना वसूल किया जाएगा।
गुप्ता ने कर्मचारियों को नाइट शिफ्ट में कॉमर्शियल एरिया में तैनात करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार सौ मीटर के एरिया में एक कर्मचारी सफाई करेगा और यह काम 365 दिन चलेगा। शहर में बाग-बगीचों की साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाकर बच्चों के लिए आकर्षक बनाया जाएगा।
प्लास्टिक के उपयोग को लेकर उन्होंने कहा कि जब तक हम नहीं सुधरेंगे, शहर नहीं सुधर सकता। इसके लिए कर्मचारी और अधिकारी प्लास्टिक दुकानों पर कार्रवाई करेंगे, जुर्माना लगाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय में वाद भी दायर किया जाएगा। गुप्ता ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और अधिकारियों को इसके लिए स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं।
