महात्मा गांधी पुलिस लाइन के छात्र तिवाड़ी को इंस्पायर अवार्ड, विद्यालय में खुशी की लहर


भीलवाड़ा। महात्मा गांधी पुलिस लाइन स्थित विद्यालय के होनहार छात्र मनोज तिवाड़ी को भारत सरकार के भारतीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा वैज्ञानिक खोज प्रौद्योगिकी इंस्पायर अवार्ड से सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिवार और सहपाठियों में हर्ष का माहौल है। कक्षा 10 के छात्र मनोज की इस उपलब्धि से स्कूल का नाम गौरवान्वित हुआ है।

मनोज तिवाड़ी इससे पूर्व दो बार अपने प्रोजेक्ट के साथ जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक खोज मेले में भाग ले चुके हैं। इस वर्ष उन्होंने एक नवाचार आधारित कृषि यंत्र तैयार किया, जिसका जिला स्तरीय विज्ञान मेले में प्रदर्शन किया गया और सराहना प्राप्त हुई। उनकी वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है।

वैज्ञानिक रुचि के साथ-साथ मनोज खेलकूद में भी सक्रिय हैं। वे तैराकी में जिला स्तरीय प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा स्काउट गाइड की अंतरराष्ट्रीय जम्बूरी में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपने विद्यालय और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

मनोज मूल रूप से सोडार पंचायत के भारलियास गांव के निवासी हैं और भविष्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नवाचार और शोध कार्य करना चाहते हैं। उनकी इस सफलता पर शिक्षकों, सहपाठियों और परिजनों ने शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Next Story