उत्कृष्ट सामाजिक सेवा के लिए जवाहर फाउंडेशन के संस्थापक रिजु झुनझुनवाला राज्य स्तर पर सम्मानित

उत्कृष्ट सामाजिक सेवा के लिए जवाहर फाउंडेशन के संस्थापक रिजु झुनझुनवाला राज्य स्तर पर सम्मानित
X

भीलवाड़ा/जयपुर। राजस्थान चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए जवाहर फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान अजमेर स्थित जवाहर फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘स्वाभिमान भोज’ कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को मात्र एक रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की अभिनव पहल के लिए प्रदान किया गया।

राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर जयपुर के राजा पार्क स्थित चिकित्सा शिक्षा भवन कमिश्नरेट मुख्यालय में किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित विशिष्ट व्यक्तियों को चिकित्सा सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें जवाहर फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला का नाम प्रमुख रहा।

समारोह के मुख्य अतिथि चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त नरेश गोयल ने जवाहर फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वाभिमान भोज जैसी पहल अन्य सरकारी एवं निजी अस्पतालों में भी लागू की जानी चाहिए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिल सके।

जवाहर फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं प्रभारी रजनीश वर्मा ने संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला के प्रतिनिधि के रूप में प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में जवाहर फाउंडेशन द्वारा कुल 11 स्वाभिमान भोज रसोई संचालित की जा रही हैं, जिनमें जयपुर में 1, अजमेर में 2, भीलवाड़ा में 7 तथा बांसवाड़ा में 1 रसोई शामिल है।

उन्होंने बताया कि अजमेर संभाग के सबसे बड़े जेएलएम अस्पताल परिसर में लगभग 2000 वर्ग गज क्षेत्र में स्वाभिमान भोज रसोई की स्थापना की गई है, जिसका उद्घाटन राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा किया गया था। इस रसोई के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 450 मरीजों एवं उनके परिजनों को मात्र एक रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

रजनीश वर्मा ने इस जनसेवा अभियान में सहयोग के लिए जेएलएम अस्पताल प्रशासन एवं जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tags

Next Story