चिताम्बा में कलश यात्रा और विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन

भीलवाड़ा। चिताम्बा में कलश यात्रा के साथ विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। भभणा पेट्रोल पंप से नीम का देवरा तक विशाल वाहन रैली निकाली गई। चिताम्बा बस स्टैंड से बैंड बाजों की धुन पर शोभायात्रा निकली, जो कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए आवारा माता मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में महिलाएं कलश लेकर चल रही थीं, वहीं अखाड़ा प्रदर्शन भी किया गया। विभिन्न झांकियां शोभायात्रा का आकर्षण का केंद्र बनीं।
शोभायात्रा का कस्बे में जगह-जगह पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। इसके पश्चात आवारा माता मंदिर में धर्म सभा आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि सरजू दास ने कहा कि जातियों से पहले हमें धर्म को सर्वोपरि मानकर चलना चाहिए। तभी हिन्दू एकता मजबूत होगी और देश का सर्वांगीण विकास संभव होगा। इसके लिए सभी को समय रहते जागरूक होना होगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक के विभाग प्रचारक दीपक ने कहा कि हम सभी का सौभाग्य है कि भारत जैसी धन्य भूमि पर हमारा जन्म हुआ। हमें फिर से भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सम्पूर्ण हिन्दू समाज का एकीकृत होना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपने बच्चों को धर्म, शास्त्र और संस्कृति से जोड़ने की आवश्यकता है।
सभा में साकेत दास, सांवर नाथ और तिलोक नाथ उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय मांडोत और संयोजक लादु लाल गुर्जर ने भी संबोधित किया। इस दौरान कस्बे के प्रबुद्ध लोगों के साथ बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपस्थित थे। सुरक्षा की दृष्टि से करेड़ा थाना मय जाप्ता के साथ नजर बनाए हुए था।
