टीबी से जंग जीती कमला गाडरी ने, जरूरतमंदों के लिए ग्रामीण सेवा शिविर बन रहे उम्मीदों का सहारा

भीलवाड़ा। ग्राम पंचायत सोनीयाणा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ने एक बार फिर से आमजन के जीवन में नई रोशनी जगाई। 21 वर्षीय कमला गाडरी, जो लंबे समय से टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। कमला ने समय पर जांच, नियमित दवा, पोषण सामग्री और सरकारी योजनाओं का लाभ पाकर ग्रामीण सेवा शिविर में अपने स्वस्थ होने की कहानी को किया साझा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहाड़ा में स्फुटम जांच करवाने पर उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख और नियमित उपचार से उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हुआ। विशेष रूप से चिकित्सा अधिकारी डॉ. भेरूलाल गुर्जर और उनकी टीम ने समय पर जांच, दवाई और मार्गदर्शन देकर कमला को स्वस्थ जीवन की राह दिखाई।
आज सेवा शिविर में जब कमला ने स्वस्थ होकर अपनी कहानी साझा की तो उपस्थित जनसमूह ने इसे प्रेरणा के रूप में लिया। कमला ने राज्य सरकार और चिकित्सा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजना से उसे नया जीवन मिला है।
लाभार्थी कमला ने बताया कि समय पर जांच, नियमित दवा और सरकारी योजनाओं का लाभ किसी भी गंभीर बीमारी पर विजय हासिल की जा सकती है। इसके लिए मैं राज्य सरकार व चिकित्सा विभाग की टीम का शुक्रिया अदा करती हॅूं।
