विद्यालय में शिक्षकों की कमी और अनियमित उपस्थिति से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित

रघुनाथपुरा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रघुनाथपुरा में शिक्षकों की भारी कमी और उनकी अनियमित उपस्थिति के कारण शैक्षणिक व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। इस स्थिति से विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ता नजर आ रहा है। ग्राम एकलिंगपुरा व रघुनाथपुरा के अभिभावकों और ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि विद्यालय में कुल 16 शिक्षक पद स्वीकृत हैं, लेकिन अधिकांश पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। शिक्षकों की कमी के चलते कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी, जो बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, सबसे अधिक परेशान हैं।
अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों की नियमित उपस्थिति भी नहीं हो पा रही है। कई बार शिक्षक समय पर विद्यालय नहीं पहुंचते या अनुपस्थित रहते हैं, जिससे कक्षाएं नियमित रूप से संचालित नहीं हो पातीं। परिणामस्वरूप पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो रहा और विद्यार्थियों का मनोबल भी गिर रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्यालय में सभी स्वीकृत पदों पर शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए जाएं और शैक्षणिक अनियमितताओं के लिए जिम्मेदारी तय की जाए।
इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद युवा संस्थान बरण के अध्यक्ष सीएस राजू जाट, शंकर लाल पोषक, मिठू लाल गुर्जर, उदय कुमावत, रामकिशन वैष्णव, शंकर लाल गाडरी, गोपाल ओड, ओमप्रकाश गुर्जर, महेंद्र, नारायण, कन्हैया, बाबूलाल, परमेश्वर, श्याम सुखदेव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों को उम्मीद है कि समय रहते कार्रवाई होने से विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा।
