UIT की जमीन पर भू-माफियाओं का कब्जा, लो कॉलेज का रास्ता बाधित होने का खतरा

भीलवाड़ा (विजय)। शहर के मारुति नगर क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय के पीछे और लो कॉलेज रोड पर सरकारी जमीन की बंदरबांट का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ वॉटर वर्क्स की बाउंड्री से सटी UIT (नगर विकास न्यास) की बेशकीमती जमीन पर असामाजिक तत्वों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है।
अतिक्रमण और अवैध बिक्री का खेल
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ रसूखदार और असामाजिक तत्व न केवल सरकारी जमीन को दबाए बैठे हैं, बल्कि भोले-भले लोगों को नाजायज रूप से यह जमीन बेच भी रहे हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि इस विवादित जमीन पर कई लोगों ने अपने पक्के मकान तक खड़े कर लिए हैं।
रास्ता रोकने की कोशिश और बिगड़ता माहौल
इस अवैध कब्जे के कारण लो कॉलेज जाने वाला मुख्य मार्ग भी प्रभावित हो रहा है। असामाजिक तत्व आए दिन जमीन के टुकड़ों के लिए आपस में लड़ते-झगड़ते रहते हैं, जिससे पूरे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है।
छात्रों पर संकट: यदि प्रशासन ने समय रहते इस अतिक्रमण को नहीं हटाया, तो भविष्य में लो कॉलेज जाने वाला रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो सकता है। इससे कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और सुरक्षा पर सीधा असर पड़ेगा।
प्रशासनिक सुस्ती: क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन की ढिलाई के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और UIT से मांग की है कि इस जमीन का तुरंत सीमांकन करवाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाए ताकि शैक्षणिक संस्थान का रास्ता सुरक्षित रह सके।
