बिजौलिया में बढ़ती चोरियों से वकीलों में आक्रोश, न्यायिक कार्य का किया बहिष्कार

बिजौलिया (भीलवाड़ा)। बिजौलिया कस्बे में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और अधिवक्ताओं के कार्यालयों में हो रही लगातार चोरियों के विरोध में अभिभाषक परिषद ने कड़ा रुख अपनाया है। बढ़ते अपराधों के विरोध में परिषद ने बुधवार को न्यायिक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया।
अभिभाषक परिषद द्वारा उपखंड अधिकारी अजीत सिंह के नाम तहसीलदार ललित डीडवानिया को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि उपखंड कार्यालय के सामने स्थित वरिष्ठ अधिवक्ता मुकेश कुमार धाकड़ के कार्यालय पर अज्ञात चोरों ने सरियों से ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
परिषद ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर रोष जताते हुए बताया कि इससे पहले भी उक्त अधिवक्ता के कार्यालय में चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी आपराधिक घटनाओं से अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।
अभिभाषक परिषद ने क्षेत्र में बढ़ते अपराधों की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था तुरंत मजबूत करने की मांग की है। विरोध स्वरूप परिषद के सभी अधिवक्ताओं ने 1 अप्रैल को न्यायालय में उपस्थित नहीं होने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया है।
