बापू नगर स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर: जज ग्रीष्मा शर्मा ने छात्राओं को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर

भीलवाड़ा । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापू नगर में विधिक सहायता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी ग्रीष्मा शर्मा ने छात्राओं को डिजिटल खतरों से सावधान रहने की नसीहत दी।
मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए जज ग्रीष्मा शर्मा ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट वर्तमान समय की आवश्यकता है, लेकिन सावधानी न बरतने पर यह जोखिम बन सकते हैं। उन्होंने बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड, फेक प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, फोटो मॉर्फिंग और 'डिजिटल अरेस्ट' जैसे नए दौर के साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी किसी से साझा करें।
साइबर सुरक्षा के साथ-साथ न्यायिक अधिकारी ने पोक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून और कन्या भ्रूण हत्या जैसे गंभीर विषयों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 (साइबर क्राइम) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) की उपयोगिता बताई।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता नानकानी ने इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की 200 से अधिक छात्राओं और शिक्षिकाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर न्याय विभाग के ओमप्रकाश गुर्जर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनीता जोशी ने किया। अंत में छात्राओं को विधिक साक्षरता और साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।
