खाखला गांव में लेपर्ड का आतंक, खेत में काम कर रहे युवक पर किया जानलेवा हमला

भीलवाड़ा। जिले के गंगापुर उपखंड क्षेत्र के खाखला गांव में रविवार दोपहर एक लेपर्ड (तेंदुए) के हमले से सनसनी फैल गई। खेत पर गए एक युवक पर लेपर्ड ने अचानक हमला कर उसे घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लेपर्ड की तलाश शुरू कर दी है।
खेत के फाटक पर घात लगाकर बैठा था लेपर्ड
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर खेत में मजदूरी कर रहे मोहनलाल भील ने सबसे पहले पैंथर को देखा था। मोहनलाल ने तुरंत इसकी सूचना खेत मालिक आदिल मोहम्मद शमसुद्दीन रंगरेज को दी। सूचना मिलते ही आदिल अपने साथी कालू प्रजापत, सुनील प्रजापत और एम. सुनील खटीक के साथ स्थिति का जायजा लेने खेत पर पहुंचे।
जैसे ही आदिल खेत के मुख्य फाटक के पास पहुंचे, वहां झाड़ियों में घात लगाकर बैठे लेपर्ड ने उन पर जोरदार हमला कर दिया। लेपर्ड के अचानक हमले से आदिल के सिर पर नाखूनों के गहरे निशान आए हैं और पेट पर पंजे लगने से गंभीर चोटें आई हैं। आदिल के साथ आए दोस्त इस अचानक हुए हमले से बुरी तरह घबरा गए।
घायल युवक का प्राथमिक उपचार, ग्रामीणों में रोष
हमले के तुरंत बाद साथी सुनील ने आदिल के पिता शमसुद्दीन रंगरेज को फोन कर घटना की जानकारी दी। पिता तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल आदिल को संभालते हुए गांव के चिकित्सालय ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने आदिल का प्राथमिक उपचार किया है, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद से खाखला और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी डर व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि लेपर्ड को जल्द से जल्द ट्रेंकुलाइज कर पिंजरे में कैद किया जाए, ताकि क्षेत्र के किसान निर्भीक होकर अपने खेतों में काम कर सकें।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
