आसींद में मोबाइल टावर प्रस्ताव पर स्थानीय लोगों का विरोध

आसींद। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 में एक मोबाइल कंपनी द्वारा मोबाइल टावर लगाने के प्रस्ताव का स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध किया है। वार्डवासियों ने नारेबाजी करते हुए उपखंड अधिकारी परमजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा और आबादी क्षेत्र में टावर न लगाने की मांग की।
यूथ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष दाऊद शेख ने बताया कि खारी नदी के किनारे बायपास रोड पर एक निजी कंपनी टावर लगाने की तैयारी कर रही है। निवासियों का आरोप है कि इससे निकलने वाले रेडिएशन का असर आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। रेडिएशन से कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है, जिससे क्षेत्रवासियों में चिंता है।
वार्डवासियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें टावर लगाए जाने से आपत्ति नहीं है, लेकिन वे चाहते हैं कि इसे आबादी क्षेत्र से कम से कम 500 मीटर दूर किसी अन्य स्थान पर स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि आबादी के बीच टावर किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया। उनका कहना था कि पूर्व में भी वार्ड में एक टावर लगाया गया था, जिसका विरोध किया गया, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि अब नया टावर लगाया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी और महिलाएं उपस्थित थीं।
