705 किलोमीटर साइकिल यात्रा कर खजूरिया श्याम पहुंचे प्रजापत

705 किलोमीटर साइकिल यात्रा कर खजूरिया श्याम पहुंचे  प्रजापत
X

भीलवाड़ा कैलाश चंद्र शर्मा जिले के आरनी निवासी मदनलाल प्रजापत ने पंजाब से खजूरिया श्याम तक करीब 705 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर आस्था और संकल्प का अनूठा उदाहरण पेश किया। आठ दिन में पूरी हुई इस यात्रा के दौरान उन्होंने प्रतिदिन लगभग 80 से 90 किलोमीटर की दूरी तय की।

मदनलाल प्रजापत ने बताया कि पंजाब में अच्छा व्यवसाय स्थापित होने पर उन्होंने खजूरिया श्याम के दर पर धोक लगाने का संकल्प लिया था। मनोकामना पूर्ण होने पर उन्होंने साइकिल यात्रा कर भगवान के दर्शन करने का प्रण निभाया। साहाड़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित खजूरिया श्याम मंदिर में दर्शन करने की उनकी गहरी आस्था रही है।

यात्रा के दौरान गांव-गांव में उनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। पंजाब से लेकर राजस्थान तक कई स्थानों पर निशुल्क चाय और भोजन की व्यवस्था मिलती रही। लोगों ने श्रद्धा भाव से उनका उत्साहवर्धन किया।

शनिवार रात बागोर कस्बे के बस स्टेशन पर कीर समाज के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। समाज के प्रतिनिधि बद्री कीर ने माला पहनाकर और साफा बंधवाकर उनका अभिनंदन किया तथा आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर ग्रामीण भीम गाडरी, उदय कीर, देवी कीर, चतरा कीर, शंकर कीर, मदन कुम्हार, प्रभु कुम्हार, प्रभु गाडरी, नारायण कीर, छीतर कीर सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

बागोर में लैहरू उस्ताद के घर रात्रि विश्राम के बाद तिलोली, एकलिंगपुरा, जोरावरपुरा, पूरोही खेड़ा, गणेशपुरा और भगतपुरिया सहित आसपास के गांवों के लोग भी उनसे मिलने पहुंचे। कमलेश प्रजापत, गणपत प्रजापत, रतन प्रजापत और अन्य ग्रामीणों ने भी यात्रा की सराहना करते हुए स्वागत किया।

गांव के बुजुर्गों के बीच यह यात्रा चर्चा का विषय बनी रही। लोगों ने कहा कि खजूरिया श्याम का हाथ हमेशा भक्तों पर बना रहे और क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनी रहे।

Next Story