भीलवाड़ा में महिला कांग्रेस का 'न्याय मार्च', दुष्कर्मियों को मृत्युदंड देने की मांग

भीलवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा एवं राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देशानुसार आज भीलवाड़ा में महिला कांग्रेस द्वारा महिला पीड़िताओं को समर्पित 'न्याय मार्च' निकाला गया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से बाल यौन शोषण और बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों के दोषियों को मृत्युदंड देने की पुरजोर मांग की गई।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा हिरण के नेतृत्व में आयोजित यह कैंडल मार्च सूचना केंद्र से प्रारंभ होकर भोपाल क्लब चौराहा स्थित बापू की प्रतिमा तक निकाला गया। मार्च के दौरान 'नारी कमजोर नहीं है' और 'नारी शक्ति' के नारों से माहौल गूंज उठा।
नगर परिषद की पूर्व सभापति एवं महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष मधु जाजू ने प्रदर्शन के दौरान कड़े शब्दों में कहा कि वर्तमान में बलात्कार के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे समाज में असुरक्षा का भाव है। उन्होंने मांग की कि यदि ऐसे दरिंदों को फांसी की सजा दी जाए, तभी देश की बेटियां सुरक्षित रह सकेंगी। उन्होंने बताया कि कैंडल मार्च के जरिए जनता के बीच महिला सुरक्षा को लेकर एक कड़ा संदेश देने का प्रयास किया गया है।
इस न्याय मार्च में पूर्वी ब्लॉक अध्यक्ष योगिता सुराणा, उपाध्यक्ष अनीता रावल, सुशीला जाट, मोनिका क्रिश्चियन, महासचिव शम्मा बानो, शम्मा नियारगर, लीला देवड़ा, अनीता पहाड़िया और संगीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
