हमीरगढ़ पुलिस व डीएसटी की बड़ी कार्रवाई: ट्रक के केबिन में गुप्त केबिन बनाकर हो रही डोडा चूरा तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

भीलवाड़ा । जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हमीरगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी (जिला विशेष टीम) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डोडा चूरा तस्करी के एक शातिर तरीके का खुलासा किया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे 48 पर नाकाबंदी के दौरान एक अशोक लीलैंड ट्रक से करीब 38 किलो 850 ग्राम अवैध डोडा चूरा पाउडर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

केबिन की छत में बना रखा था लोहे का गुप्त बॉक्स

जानकारी के अनुसार, थानाधिकारी सुनील कुमार बेड़ा को डीएसटी टीम के कांस्टेबल रमेश कुमार के जरिए मुखबिर सूचना मिली कि चित्तौड़गढ़ की ओर से एक संदिग्ध ट्रक (HP 12 N 6225) भीलवाड़ा की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तख्तपुरा सरहद स्थित होटल श्री साईं के पास नाकाबंदी शुरू की।

नाकाबंदी के दौरान जब उक्त ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई, तो प्रथम दृष्टया वह खाली नजर आया। हालांकि, गहनता से जांच करने पर ट्रक के केबिन की छत पर लोहे का एक विशेष गेट लगा मिला, जिसे बॉक्सनुमा बनाया गया था। गेट खोलकर देखने पर अंदर दो काले प्लास्टिक के कट्टे मिले, जिनमें पिसा हुआ डोडा चूरा पाउडर भरा था।

आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने मौके से आरोपी हिम्मत सिंह और अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से कुल 38.850 किलोग्राम डोडा चूरा पाउडर और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन और वृत्ताधिकारी (सदर) माधव उपाध्याय के सुपरविजन में अंजाम दी गई।

Tags

Next Story