'स्वच्छता सप्ताह' के तहत सफाई कर्मचारियों द्वारा मंदिरों में किया श्रमदान

भीलवाड़ा । राजस्थान दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित 'स्वच्छता सप्ताह' (14 मार्च से 19 मार्च) के अंतर्गत आज मंगलवार को नगर परिषद की टीम ने सक्रियता दिखाई। वॉर्ड नंबर 29 (काशीपुरी क्षेत्र) में स्वास्थ्य निरीक्षकों और सफाई कर्मचारियों द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक हेमंत चन्नाल और जमादार कमलेश कोटियाना के नेतृत्व में कर्मचारियों ने क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों की गहन सफाई की। इस दौरान आमजन को जागरूक करते हुए बताया गया कि मंदिरों और तीर्थ क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और पूरी तरह से प्लास्टिक-मुक्त बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से, विशेषकर प्रत्येक रविवार को, मंदिरों में श्रमदान करें। इसके तहत परिसर की सफाई, सूखे फूल-मालाओं का उचित निस्तारण और सौंदर्यीकरण के कार्यों में सहयोग दें।
सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रहार:
अभियान में तीर्थ स्थलों को सिंगल-यूज प्लास्टिक से मुक्त करने पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य निरीक्षक हेमंत चन्नाल ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर जन-जागरूकता सभाएं आयोजित कर श्रद्धालुओं को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जाना चाहिए ताकि हमारे आस्था के केंद्र प्रदूषण मुक्त रह सकें।
