भारत विकास परिषद शाखा-मांडल का रक्तदान शिविर 8 को

भगवानपुरा (कैलाश शर्मा) । भारत विकास परिषद, शाखा-मांडल के तत्वावधान में रविवार, 8 मार्च को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन स्वर्गीय रामेश्वर लाल लड्ढा एवं स्वर्गीय राजेंद्र कुमार लड्ढा की पावन स्मृति में बस स्टैंड स्थित नीलकंठ महादेव परिसर में आयोजित होगा।
रक्तदान प्रकल्प प्रभारी राजेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। इस बार शिविर की विशेष बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। परिषद की महिला प्रमुख मंजू सोनी के अनुसार, इस पुनीत कार्य में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जो समाज में एक नया संदेश देगी।
शाखा सचिव रमेश चंद्र बलाई ने बताया कि इसी दिन परिषद के आगामी सत्र 2026-27 की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद मांडल शाखा पिछले कई वर्षों से सेवा के हर क्षेत्र में सक्रिय है और यह शिविर इसी सेवा श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
