8 माह से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

8 माह से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
X

भगवानपुरा (कैलाश शर्मा) । ग्राम पंचायत भगवानपुरा में पिछले लंबे समय से व्याप्त अव्यवस्थाओं और कर्मचारियों के बकाया भुगतान को लेकर सोमवार को ग्रामीणों व पंचायत कर्मियों का आक्रोश फूट पड़ा। कांग्रेस इकाई अध्यक्ष महावीर शर्मा और मंडल अध्यक्ष पुष्कर खटीक के नेतृत्व में सफाई कर्मियों, बागवानों, टेंपो चालकों और अन्य पंचायत कर्मचारियों ने मांडल उपखंड अधिकारी (SDO) को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।

भुगतान के अभाव में परिवार पालना हुआ मुश्किल

ज्ञापन में बताया गया कि पिछले आठ महीनों से पंचायत के सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों को उनके मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। वेतन न मिलने से इन कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार का पालन-पोषण करना दूभर हो गया है। भुगतान रुकने के कारण गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

तीन दिन का अल्टीमेटम: अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों और ग्रामवासियों ने उपखंड अधिकारी से निवेदन किया कि इस मानवीय समस्या का तुरंत निस्तारण कर बकाया भुगतान करवाया जाए। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो समस्त कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे। आंदोलन के दौरान होने वाली किसी भी अव्यवस्था की समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Tags

Next Story