परीक्षा को भयमुक्त होकर दें, नियमित अध्ययन से ही मिलती है सफलता

भगवानपुरा ( कैलाश शर्मा ) विद्यार्थियों को मन लगाकर एकाग्रचित्त होकर पढ़ना चाहिए, परीक्षा को भय मुक्त होकर नियमित अध्ययन के साथ देनी चाहिए ताकि अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हो सके । नियमित अध्ययन से ही सफलता प्राप्त होती है । उक्त विचार सीड़ियास पीईईओ एवं प्रधानाचार्य बद्रीलाल डाकोत ने सर्वोदय बाल विद्या मंदिर उच्च प्राथमिक विद्यालय भगवानपुरा में कक्षा आठ के छात्र छात्राओं के विदाई समारोह कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह में अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किये । उन्होंने कहा कि विद्यार्थी में पांच लक्षण होने चाहिए । कौवे के समान चेष्टा ,बगुले के समान ध्यान,कुत्ते के समान नींद, अल्प भोजन,आरामदायक सुख सुविधाओं का त्याग ।जो विद्यार्थी इस दोहे के अनुसार अनुसरण करेगा वह निश्चित रूप से अच्छे अंको से सफल होगा । इस अवसर पर सर्वप्रथम अतिथियों ने मां सरस्वती के द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुवात की । संस्था प्रधान शिवराज शर्मा ने आए हुए अतिथियों का शाब्दिक स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी । कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये ।मुख्य अतिथि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हरिपुरा की प्रधानाचार्या ललिता टेलर ने बच्चों को नियमित अध्ययन करने की सलाह दी ताकि वह अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हो सके । उन्होंने सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की ।विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ अध्यापक श्रवण लाल कालबेलिया ने विद्यार्थियों को परीक्षा के गुर बताते हुए निडर व एकाग्रचित रहकर भय मुक्त होकर परीक्षा देने व अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने का भरोसा दिलाया । उन्होंने कहानी के माध्यम से बच्चों को बताया कि हम परीक्षा को सामान्य परीक्षा समझ कर ही परीक्षा दें ताकि अच्छे अंक ला सके । इस अवसर पर विद्यालय के कांता सेन , पार्वती पाराशर ने अपने विचार प्रकट किये । समारोह मे कक्षा 7 के बालकों ने कक्षा 8 के विदा होने वाले बालक - बालिकाओ को टाइटल दिए वही कक्षा 8 के बालक बालिकाओं द्वारा विद्यालय परिवार को भी टाइटल दिये ।समारोह के दौरान अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि व विद्यालय परिवार द्वारा स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस पर छात्र - छात्राओ द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान जो पुरस्कार राशि प्राप्त हुई जिसके पुरस्कार भी अतिथियों द्वारा वितरित किए गए । समारोह में विद्यालय परिवार के शारदा शर्मा ,दीपिका पंवार, सीमा सेन , दुर्गा सोनी , सुशीला सेन ,टीना लोहार, रानू कंवर ,समेत कई उपस्थित थे । कार्यक्रम का संचालन कैलाश शर्मा एवं कांता सेन ने किया ।
