विधायक मीणा ने विधानसभा में भगवान विश्वकर्मा जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने की रखी मांग

विधायक मीणा ने विधानसभा में भगवान विश्वकर्मा जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने की रखी मांग
X

लाडपुरा ( शिव लाल जांगिड़ ) राजस्थान विधानसभा में नियम 295 के अंतर्गत महवा विधायक राजेंद्र मीणा ने जांगिड़ ब्राह्मण समाज एवं समस्त शिल्पकार वर्ग के आराध्य देव भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती (माघ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी) पर राजकीय अवकाश घोषित किए जाने संबंधी विशेष उल्लेख प्रस्ताव प्रस्तुत किया। विधायक राजेंद्र मीणा ने अपने वक्तव्य में कहा कि भगवान विश्वकर्मा जी सृष्टि के दिव्य शिल्पकार माने जाते हैं। प्रदेश एवं देशभर के कारीगर, शिल्पकार, इंजीनियर तथा औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े सभी वर्ग श्रद्धा, हवन एवं उत्सव के साथ उनकी जयंती मनाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न समाजों एवं महापुरुषों की जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित कर जनभावनाओं का सम्मान किया गया है। उसी क्रम में जांगिड़ ब्राह्मण समाज की यह न्यायोचित एवं सम्मानजनक मांग है कि भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती पर भी राजकीय अवकाश घोषित किया जाए। विधायक मीणा ने अध्यक्ष महोदय के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया कि प्रदेश की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मांग को स्वीकार कर समाज को सम्मान प्रदान करें। राजेंद्र मीणा ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार सकारात्मक निर्णय लेकर समाज की भावनाओं का सम्मान करेगी।

Next Story