मांडल में 'संविधान बचाओ तिरंगा रैली', कांग्रेस के झंडों पर उठे सवाल

मांडल में संविधान बचाओ तिरंगा रैली, कांग्रेस के झंडों पर उठे सवाल
X

मांडल (सोन‍िया सागर)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रविवार को मांडल में 'संविधान बचाओ तिरंगा रैली' का आयोजन किया गया। रैली, बस स्टैंड स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के सामने त्रिमूर्ति सर्कल से शुरू हुई, जिसका नेतृत्व पूर्व राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने किया। रैली का उद्देश्य केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना को शीघ्र शुरू करने की मांग करना था।

रैली कस्बे के मुख्य मार्गों जैसे लखारा चौक, सदर बाजार, नई नगरी और प्रतापनगर से गुजरी। हालांकि, रैली के दौरान कस्बे में मुख्य चर्चा का विषय यह रहा कि 'संविधान बचाओ तिरंगा रैली' में तिरंगे झंडों की अपेक्षा कांग्रेस के झंडे अधिक संख्या में दिखाई दिए। कांग्रेस के करेड़ा-मांडल ब्लॉक के सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस के चुनाव चिन्ह वाले झंडे लहराते हुए नज़र आए। इस दृश्य ने आम जनता के बीच सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या यह रैली वास्तव में संविधान को बचाने के लिए थी, या फिर कांग्रेस पार्टी के समर्थन में आयोजित की गई थी। कस्बे की चाय की थड़ियों और बाजारों में इस मुद्दे पर जमकर बहस हुई, जहाँ लोगों ने इस रैली के असली उद्देश्य पर संदेह व्यक्त किया। कुछ लोगों का मानना था कि यह रैली संविधान के नाम पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन था।

Tags

Next Story