बरूदनी में फागुन उत्सव धूमधाम से मनाया

बड़लियास (रोशन वैष्णव)
बरूदनी | होली के पावन पर्व के अवसर पर 2 मार्च को बरूदनी के गाडरी मोहल्ले में स्थित बालाजी मंदिर में फागुन उत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों व रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान बालाजी को गुलाल अर्पित कर फूलों की होली खेली, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रकाश ओझा द्वारा गणेश वंदना से की गई। इसके पश्चात महिला मंडल की सदस्याओं ने भक्ति रस से ओतप्रोत फागुन एवं होली के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
महिला मंडल की बबली भट्ट, सुशीला भट्ट सहित अन्य सदस्याओं की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उपस्थित भक्तों ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर भेरूलाल गट्टाणी, भूपेन्द्र गट्टाणी, किशन लश्कर, मोहित वैष्णव, महिला मंडल की पुष्पा गट्टाणी, अनिता गट्टाणी, शारदा लढ़ा, सरोज किरण भट्ट, गायत्री पंचोली सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान बालाजी को छप्पन भोग अर्पित कर महाप्रसादी का वितरण किया गया।
