बाणमाता शक्तिपीठ का द्वितीय पाटोत्सव संपन्न: वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती से गुंजायमान हुआ आस्था धाम

बाणमाता शक्तिपीठ का द्वितीय पाटोत्सव संपन्न: वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती से गुंजायमान हुआ आस्था धाम
X

लाडपुरा (शिव लाल जांगिड़) । क्षेत्र के सुप्रसिद्ध आस्था केंद्र श्री बाणमाता शक्तिपीठ मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर बुधवार को द्वितीय पाटोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। माता के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस आयोजन ने समूचे वातावरण को धर्ममय कर दिया।

शक्तिपीठ विकास संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि पाटोत्सव के तहत पंडित बनवारी लाल शर्मा के सानिध्य में विद्वान पंडितों द्वारा विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। नवरात्रि के सातवें दिन आयोजित इस कार्यक्रम में मां दुर्गा का हवनात्मक पाठ, रुद्राभिषेक और भव्य महाआरती की गई। भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और पुष्पों से विशेष रूप से सजाया गया है, जहाँ सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

भजन संध्या और छप्पन भोग के विशेष आयोजन

महोत्सव के तहत आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि:

26 मार्च (गुरुवार): दुर्गा अष्टमी के अवसर पर 'महारात्र जागरण' का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक पूरण गुर्जर, युवराज वैष्णव, सोनू भीलवाड़ा और अनु पांचाल अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। दर्शन के लिए रात भर विशेष व्यवस्था रहेगी।

27 मार्च (शुक्रवार): महोत्सव का समापन छप्पन भोग की झांकी के साथ होगा। प्रातः 11:15 बजे झांकी सजाई जाएगी, जिसके बाद दोपहर 12:15 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। मेनाली नदी पर पाती विसर्जन के पश्चात महाप्रसाद का वितरण होगा।

मानवता की सेवा: लकवा ग्रस्त रोगियों के लिए निशुल्क भोजन

शक्तिपीठ संस्थान द्वारा धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया जा रहा है। संस्थान की ओर से लकवा ग्रस्त रोगियों के लिए प्रतिदिन निशुल्क नाश्ते और भोजन की व्यवस्था की जा रही है। अध्यक्ष शर्मा ने इस पुनीत कार्य को निरंतर जारी रखने के लिए दानदाताओं से उदारतापूर्वक सहयोग करने की अपील की है। वर्तमान में राजस्थान के साथ-साथ मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन हेतु पहुँच रहे हैं।

Tags

Next Story