बसंत पंचमी पर 13 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न

भीलवाड़ा। श्री शिव बालाजी एवं रोकड़िया गणेश मंदिर सेवा समिति की ओर से बसंत पंचमी के पावन अवसर पर हिंदू समाज और सनातन धर्म के 13 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में 13 जोड़ों ने एक साथ वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान दूल्हा-दुल्हन की बिंदौरी ई-ऑटो रिक्शा के माध्यम से निकाली गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सम्मेलन में सनातन धर्म की विभिन्न जातियों के वर-वधू शामिल हुए, जिनमें वाल्मीकि समाज, कसारा समाज, लखारा समाज, कोली समाज, कुम्हार समाज, कुमावत समाज और नाथ समाज के जोड़े शामिल रहे।
विवाह समारोह में तोरण एवं वरमाला की रस्म के पश्चात अभिजीत मुहूर्त में विधिवत फेरे संपन्न कराए गए। इसके बाद सहभोज का आयोजन हुआ तथा सभी नवविवाहित जोड़ों की विदाई की गई। विवाह उपरांत वर-वधुओं ने साधु-संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
मीडिया प्रभारी आशीष पाराशर ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में पूज्य महंत मोहन शरण जी शास्त्री, पुजारी मुरारी जी पांडे, साध्वी मीरा शरण जी, पूर्व सांसद सुभाष जी बाहेड़िया, पार्षद सुशीला राजेंद्र जैन, पार्षद सागर पांडे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
समिति के अध्यक्ष एवं संरक्षकों द्वारा वर-वधुओं को उपहार सामग्री भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं। समारोह धार्मिक विधि-विधान एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन सचिव प्रहलाद गर्ग द्वारा किया गया।
