MDSU का दीक्षांत समारोह 25 दिसंबर को, 39 गोल्ड और 2 चांसलर मेडल दिए जाएंगे

अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में 25 दिसंबर को दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर कुल 54 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनकी सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
विश्वविद्यालय की ओर से पहले ही उन विद्यार्थियों के नाम भी सार्वजनिक कर दिए गए हैं, जिन्हें इस दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल और चांसलर मेडल से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में कुल 39 गोल्ड मेडल और 2 चांसलर मेडल प्रदान किए जाएंगे।
इन 39 गोल्ड मेडल में से 31 छात्राओं और 8 छात्रों को सम्मान मिलेगा। वहीं दोनों चांसलर मेडल भी छात्राओं को ही दिए जाएंगे। वर्ष 2024 के लिए विज्ञान संकाय में माइक्रोबायोलॉजी विषय की छात्रा को चांसलर मेडल प्रदान किया जाएगा, जबकि वर्ष 2025 के लिए वाणिज्य संकाय के एबीएसटी विषय की छात्रा को यह सम्मान मिलेगा।
दीक्षांत समारोह में कुल 1 लाख 4 हजार 677 डिग्रियां वितरित की जाएंगी। इनमें से 2172 डिग्रियां सेमेस्टर परीक्षा से संबंधित होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सभी सूचियां पारदर्शिता के साथ वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई हैं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
