पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा 9 से 15 अप्रेल तक होने वाली शिव महापुराण कथा की तैयारियों के लिए बैठक

भीलवाड़ा,। धर्मनगरी भीलवाड़ा में पहली बार प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से 9 से 15 अप्रेल तक शिव महापुराण कथा का आयोजन आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउण्ड पर किया जाएगा। इसकी तैयारियों के लिए शिवमहापुराण कथा आयोजन समिति की बैठक शनिवार को संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में समिति के अध्यक्ष भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने कथा आयोजन को लेकर शुरू हो चुकी तैयारियों के बारे में जानकारी दी। बैठक में विधायक कोठारी ने आयोजन को एतिहासिक एवं भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां करने के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में तय हुआ कि आयोजन के लिए नए सिरे से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने के लिए शीघ्र ही आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। इसी प्रकार तैयारियों को गति देने के लिए शीघ्र ही विभिन्न कमेटियों का गठन कर अलग-अलग दायित्व दिए जाएंगे। कथा समिति का कार्यालय भी शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। कथा श्रवण करने के लिए प्रतिदिन दो से तीन लाख शिव भक्तों के उमड़ने की संभावना के दृष्टिगत व्यापक स्तर पर तैयारियां की जाएगी। सभी के सहयोग से एतिहासिक भक्तिमय आयोजन हो इसके लिए कथा आयोजन की तैयारियों में सर्व समाज को जोड़ा जाएगा। आयोजन के सूत्रधार महंत बाबूगिरीजी महाराज ने आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि हम सभी को मिलकर इस आयोजन को महादेव की भक्ति से परिपूर्ण भव्य एवं यादगार बनाना है, जिसे जो भी दायित्व सौंपा जाए वह उसे समर्पित भाव से निभा कर इस कथा महायज्ञ में अपनी भागीदारी में निभाएं। बैठक में पंडित अशोक व्यास, बद्रीलाल सोमानी, रामेश्वर ईनाणी, कन्हैयालाल स्वर्णकार, कैलाश डाड, रजनीकांत आचार्य, ललित सोमानी, कैलाश डाड, सत्येंद्र बिरला, दुर्गालाल सोनी, गोपीकिशन पाटोदिया, निलेश कांठेड़, संजय राठी, बाबूलाल टांक, राजेश कुदाल, दिनेश सोनी, दिनेश सुथार, राजकुमार ईनाणी, कमल कोठारी,राघव आचार्य, निर्मल जोशी, संजय खन्ना, राजकुमार शर्मा, ओमप्रकाश लढ़ा आदि सदस्य उपस्थित थे।

Next Story