सदन में गूंजी मेवाड़ की रेल: सांसद दामोदर अग्रवाल ने लोकसभा में नाथद्वारा-सांगानेर ट्रैक के लिए भरी हुंकार

सदन में गूंजी मेवाड़ की रेल: सांसद दामोदर अग्रवाल ने लोकसभा में नाथद्वारा-सांगानेर ट्रैक के लिए भरी हुंकार
X

भीलवाड़ा । 'मेवाड़ के मोदी' के नाम से विख्यात भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने आज लोकसभा सत्र के दौरान नियम 377 के तहत क्षेत्र की वर्षों पुरानी और बेहद महत्वपूर्ण मांग को सदन के पटल पर रखा। सांसद अग्रवाल ने मेवाड़ क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित नाथद्वारा से सांगानेर (वाया कांकरोली, गंगापुर, गुरलां, कारोई, बनेड़ा, शाहपुरा, केकड़ी) रेलमार्ग को स्वीकृत करने का आग्रह केंद्र सरकार से किया।

सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्रवाल ने सदन में तर्क दिया कि इस रेलमार्ग की आवश्यकता पिछले कई दशकों से महसूस की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मार्ग के जुड़ने से न केवल आम जन को सुविधा होगी, बल्कि मेवाड़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे नाथद्वारा, कांकरोली, गढ़बोर चारभुजा जी और अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय, शाहपुरा के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन का अवसर मिलेगा।

धार्मिक महत्व के साथ-साथ सांसद ने इसके आर्थिक पहलुओं को भी रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि इस रेलखंड के बनने से स्थानीय उद्योगों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को सीधा लाभ पहुंचेगा। विशेष रूप से मार्ग में स्थित औद्योगिक इकाइयों को कच्चे माल और तैयार माल के परिवहन में बड़ी राहत मिलेगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि सांसद अग्रवाल अपने कार्यकाल में केंद्र और राज्य की 'डबल इंजन' सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर संपूर्ण मेवाड़ के सर्वांगीण विकास हेतु कृतसंकल्पित नजर आ रहे हैं। इस रेलमार्ग की मांग को मजबूती से उठाने पर क्षेत्र के निवासियों और व्यापारिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया है।

Tags

Next Story