भ्रूण समझकर मचा हड़कंप, जांच में निकला कद्दू

भीलवाड़ा। रायला क्षेत्र के दाता निलावरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के बाहर झाड़ियों में आसमानी कपड़े में लिपटा एक संदिग्ध पदार्थ मिला। ग्रामीणों ने इसे भ्रूण समझ लिया, जिसके बाद यह खबर पूरे इलाके में फैल गई।
सूचना मिलने पर थाना अधिकारी बछराज चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए संदिग्ध पदार्थ को रायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया। जांच के लिए भीलवाड़ा से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
पूरा गांव इस घटना को लेकर चर्चा में था और माहौल गंभीर बना हुआ था। हालांकि, मामले का असली खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया।
रायला सीएचसी के डॉक्टर रोहित कुमार जोशी ने जब संदिग्ध पदार्थ की जांच शुरू की, तो पता चला कि जिसे भ्रूण समझा जा रहा था, वह वास्तव में कद्दू का बीजों वाला हिस्सा था। डॉक्टर जोशी ने पुष्टि की कि यह कोई मानव भ्रूण नहीं, बल्कि कद्दू का गूदा था।
इस खुलासे के बाद जहां सुबह तक गांव में सनसनी का माहौल था, वहीं दोपहर तक हंसी की लहर दौड़ गई। एक ग्रामीण बुजुर्ग ने मजाक में कहा कि आजकल कद्दू भी सुर्खियों में आ रहा है। पुलिस ने अब इस मामले को बंद कर दिया है, और ग्रामीण इस घटना को “कद्दू कांड” के नाम से याद कर रहे हैं।
