विधायक कोठारी ने सुभाष नगर स्कूल के खेल मैदान का किया निरीक्षण

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने गायत्री नगर, मालोला रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुभाष नगर के खेल मैदान का यूआईटी एवं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर स्थित खेल मैदान को शीघ्र विकसित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि सुभाष नगर विद्यालय में लगभग 1400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें से करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थी पटरी पार क्षेत्र से आते हैं। वर्तमान में विद्यालय में इंडोर गेम्स की समुचित सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए विधायक कोठारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेल मैदान का समतलीकरण एवं भराव कार्य, चारदीवारी निर्माण तथा आधुनिक मल्टी-स्पोर्ट्स इंडोर गेम्स परिसर का निर्माण कर सभी आवश्यक खेल सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर खेल वातावरण मिल सके।
विधायक कोठारी ने कहा कि “खेलेंगे तो खिलेंगे” के उदघोष के साथ विधायक खेल विकास योजना के अंतर्गत भीलवाड़ा शहर के बच्चों के सम्पूर्ण विकास हेतु राज्य सरकार से डीएमएफटी फंड की स्वीकृति प्राप्त कर शहर के समस्त सरकारी विद्यालयों में खेल मैदानों के विकास की कार्ययोजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन कर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में सुभाष नगर विद्यालय खेल ग्राउंड का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रताप नगर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीमगंज (मोदी ग्राउंड), माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय एवं माणिक्य लाल वर्मा टेक्सटाइल कॉलेज के खेल मैदानों के विकास को भी योजना में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों के जीर्णोद्धार के साथ-साथ खेल अधोसंरचना के विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो और भीलवाड़ा शिक्षा व खेल के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सके।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्टाफ के साथ एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेंद्र सिंह राठौड़, संजय राठी, एडवोकेट राघव आचार्य, दिनेश सुथार, करण सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
