होमगार्ड जवानों के मुद्दों पर विधायक कोठारी ने सरकार से मांगा जवाब

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने राजस्थान के होमगार्ड जवानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को पत्र लिख कर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने गृह रक्षा मंत्री बाबू लाल खराड़ी से होमगार्ड जवानों की सेवा शर्तों, मानदेय, ड्यूटी व्यवस्था तथा महिला जवानों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है।
विधायक कोठारी ने जानना चाहा कि राज्य के होमगार्ड जवानों को वर्ष में पूरे 12 माह नियमित ड्यूटी नहीं मिल रही है, यदि ऐसा है तो उन्हें सालभर नियमित ड्यूटी उपलब्ध कराने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि वर्तमान में होमगार्ड जवानों की सेवा अवधि 58 वर्ष निर्धारित है, क्या इसे बढ़ाकर 60 वर्ष करने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन है।
विधायक कोठारी ने मानदेय से जुड़े मुद्दे को उठाते हुए पूछा कि वर्ष 2018 से पहले होमगार्ड जवानों को समान मानदेय दिया जाता था, जबकि वर्तमान में अलग-अलग मानदेय दिया जा रहा है, इस बदलाव के पीछे क्या कारण हैं और सरकार की नीति क्या है ?
उन्होंने अन्य राज्यों की तर्ज पर राजस्थान में भी होमगार्ड जवानों को महंगाई भत्ता (डीए) देने के प्रस्ताव के बारे में जानकारी मांगी है।
विधायक ने महिला होमगार्ड जवानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूछा कि क्या उन्हें मातृत्व अवकाश देने की कोई स्पष्ट नीति लागू है यदि नहीं, तो सरकार इसे कब तक लागू करने की योजना बना रही है तथा महिला होमगार्ड जवानों की संख्या की जानकारी भी मांगी है।
इसके अलावा उन्होंने राज्य में वर्तमान में कार्यरत होमगार्ड जवानों की कुल संख्या तथा जिलेवार विवरण उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही वर्ष 2018 से 2026 तक होमगार्ड जवानों के मानदेय में हुए बदलाव का वर्षवार विवरण भी मांगा है।
विधायक कोठारी ने कहा कि होमगार्ड जवान राज्य की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके सेवा हितों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का समाधान किया जाना आवश्यक हैं।
