आयुर्वेद चिकित्सा संस्थानों के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर विधायक कोठारी ने राज्य सरकार से किया आग्रह

आयुर्वेद चिकित्सा संस्थानों के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर विधायक कोठारी ने राज्य सरकार से किया आग्रह
X

भीलवाड़ा । भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने राज्य सरकार से शहर में संचालित आयुर्वेद चिकित्सा संस्थानों एवं चिकित्सालयों के भवनों का जीर्णोद्धार, मरम्मत एवं रखरखाव कराए जाने का आग्रह किया है।

विधायक कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा शहर व जिले में संचालित कई आयुर्वेद चिकित्सा संस्थानों के भवन लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं। इन संस्थानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार एवं परामर्श के लिए आते हैं, ऐसे में भवनों की समुचित स्थिति बनाए रखना आवश्यक है ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस वर्ष के बजट में आयुर्वेद चिकित्सालयों एवं संस्थानों की मरम्मत, जीर्णोद्धार और रखरखाव कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह निर्णय आयुष सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक कोठारी ने राज्य सरकार से मांग की है कि इस स्वीकृत राशि में से भीलवाड़ा शहर व जिले के आयुर्वेद चिकित्सा संस्थानों को भी प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाए, ताकि भवनों की आवश्यक मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य शीघ्र कराए जा सकें।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में नागरिक इन संस्थानों से लाभान्वित हो रहे हैं। ऐसे में इन भवनों का सुदृढ़ एवं व्यवस्थित होना समय की मांग है।

विधायक कोठारी ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार भीलवाड़ा की इस आवश्यक मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर शहरवासियों को बेहतर आयुष चिकित्सा सुविधाओं की सौगात देगी।

Next Story