मोदी सरकार ने बदली महिलाओं के प्रति सोच एवं नजरिया : राखी राठौड

भीलवाड़ा। भाजपा जिला संगठन के नेतृत्व एवं भाजपा महिला मोर्चा के सानिध्य में शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में महिला लाभार्थी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता राखी राठौड मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवांगी कानावत, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू मिश्रा व पिंकी मांडावत, अजमेर संभाग प्रभारी महिला मोर्चा वनिता जेमन तथा जयपुर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुराधा कचोलिया उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मंजू पालीवाल, मंजू चेचानी, आरती कोगटा एवं ललिता कंवर मंचासीन थीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विभिन्न नीतियों और योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के प्रति सोच और नजरिये में सकारात्मक बदलाव लाया है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाएं आज न केवल स्वयं रोजगार प्राप्त कर रही हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं देश की अर्थव्यवस्था की ग्रोथ इंजन बन चुकी हैं और इस बार भी देश व प्रदेश का बजट महिलाओं की भागीदारी से सशक्त होगा।
राठौड ने बताया कि गत बजट में महिला उत्थान के लिए 6 प्रतिशत राशि आरक्षित की गई, जो पूर्व बजटों की तुलना में 37 प्रतिशत अधिक है। महिलाओं की काबिलियत को पहचानने का काम मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने “हर बूथ महिला मजबूत” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत हर बूथ पर महिला मोर्चा को सशक्त किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर महिला मोर्चा की 11 कार्यकर्ताओं को संगठन और पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की महिलाएं सरकार की योजनाओं और पार्टी के विजन को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। इसी क्रम में महिला मोर्चा द्वारा “हर वोट महिला मजबूत” अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसके तहत हर बूथ पर महिलाओं की टीम गठित की जाएगी। यह टीम सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के साथ-साथ पार्टी के विजन और राष्ट्र निर्माण की भावना को हर परिवार तक पहुंचाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जब महिलाएं ही अन्य महिलाओं को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराएंगी, तो बड़ी संख्या में महिलाएं भाजपा से जुड़ेंगी।
राठौड ने नारी शक्ति अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का ऐतिहासिक निर्णय लिया है, लेकिन महिला मोर्चा 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे लाकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर दिए जाने चाहिए। प्रदेश की भजनलाल सरकार भी यह सुनिश्चित कर रही है कि पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचे।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि नारी को शक्ति का प्रतीक माना गया है और प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का कार्य किया है। भाजपा सत्ता और संगठन दोनों में महिलाओं को पूर्ण भागीदारी देती है। उन्होंने बिहार चुनाव में महिलाओं की सक्रिय भूमिका का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनावों में सक्रिय और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली महिला कार्यकर्ताओं को टिकट मिलना चाहिए, न कि केवल किसी परिवार या नेता से जुड़ी महिलाओं को। उन्होंने महिला मोर्चा द्वारा हाल ही में आयोजित स्वदेशी मेले की भी सराहना की।
कार्यक्रम से पूर्व महिलाओं के विभिन्न समूहों द्वारा तलवार, शील्ड, मोमेंटो, राधा-कृष्ण की तस्वीर तथा शॉल-दुपट्टा भेंट कर महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन इंदु बंसल एवं सावित्री शर्मा ने किया।
भाजपा जिला मीडिया संयोजक महावीर समदानी ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड के प्रथम भीलवाड़ा आगमन पर आयोजित इस महिला लाभार्थी संवाद कार्यक्रम में महिला मोर्चा की सहसंयोजक नेहा नागर, मंजू चेचानी, जिला उपाध्यक्ष ललिता कंवर, जिला मंत्री अभिश्रुता सोलंकी, जिला प्रवक्ता रागिनी गुप्ता, सोशल मीडिया जिला संयोजक मीनाक्षी नाथ सहित सुमित्रा पोरवाल, रेखा शर्मा, ज्योति आशीर्वाद, रेखा अजमेरा, सावित्री, सीमा सोनी, अनीता शर्मा, मोहिनी माली सहित समस्त महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
