बिजली की कैंची की चपेट में आया वानर, गौसेवकों ने रेस्क्यू कर बचाई जान

भीलवाड़ा | शहर के बापू नगर क्षेत्र में सोमवार सुबह बिजली की लाइन (कैंची) की चपेट में आने से एक वानर गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने के बाद ऊंचाई से गिरने के कारण वानर के सिर और पांव में गहरी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही श्री राम गौसेवा समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुँचकर वानर का सफल रेस्क्यू किया और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुँचाया।
पार्षद प्रतिनिधि की सूचना पर पहुँचे सेवादार
श्री राम गौसेवा समिति के जसराज ने बताया कि घटना बापू नगर स्थित कर्मचारी बीमा अस्पताल के बाहर की है। पार्षद प्रतिनिधि गजेंद्र सिंह चुंडावत ने समिति को सूचना दी कि एक वानर बिजली की कैंची से टकराकर करंट की चपेट में आ गया है और तड़पते हुए नीचे गिर गया है। घायल वानर के आसपास 7-8 अन्य वानरों का झुंड जमा होने के कारण बचाव कार्य में मुश्किल आ रही थी।
रेस्क्यू के बाद अस्पताल में टांके लगाए
सूचना मिलते ही समिति के राम लखन तुरंत मौके पर पहुँचे और अन्य वानरों को वहाँ से सुरक्षित हटाकर घायल वानर का रेस्क्यू किया। वानर को तुरंत पशु चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसके सिर और पांव के घावों पर टांके लगाए। ऊंचाई से गिरने के कारण वानर के सिर में गंभीर आंतरिक चोट भी आई है। रेस्क्यू के दौरान मौके पर प्रताप नगर थाना पुलिस का जाब्ता और बापू नगर के मोहल्लेवासी भी सहयोग के लिए मौजूद रहे।
