सिविल लाइंस क्वार्टर के बाहर से नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण, कैबिनें जब्त

भीलवाड़ा (हलचल)। शहर के व्यस्ततम अजमेर चौराहा क्षेत्र में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। सिविल लाइंस क्वार्टर के ठीक बाहर लंबे समय से कैबिनें लगाकर सरकारी जमीन पर कब्जा जमाया गया था, जिसे निगम के दस्ते ने कार्रवाई के दौरान जप्त कर लिया।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, अजमेर रोड पर सिविल लाइंस क्वार्टर के बाहर अवैध रूप से कैबिने रखने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इस अतिक्रमण के कारण न केवल पैदल राहगीरों को परेशानी हो रही थी, बल्कि मुख्य मार्ग के सौंदर्य और व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। शुक्रवार को निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता मौके पर पहुँचा और सख्त रुख अपनाते हुए वहां रखी कैबिनों को अपने कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन निगम की टीम ने बिना किसी दबाव के अवैध संरचना को हटाकर रास्ता साफ कराया। निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शहर के मुख्य मार्गों और रिहायशी इलाकों के बाहर किसी भी प्रकार का अस्थाई या स्थाई अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में इस तरह के अभियान और तेज किए जाएंगे।
