दूसरे दिन भी चला नगर निगम का बुलडोजर, आजाद चौक से हटाया अतिक्रमण

X

भीलवाड़ा। शहर में दूसरे दिन भी नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। शनिवार को नगर निगम का दस्ता सूचना केंद्र और आजाद चौक चौराहे पर पहुंचा, जहां लंबे समय से जमे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण और ट्रैफिक बाधित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद निगम टीम ने आजाद चौक सूचना केंद्र से अभियान की शुरुआत करते हुए अवैध कब्जों को हटाना शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर बने अवैध पक्के रैंप तोड़े गए और कई दुकानों के होर्डिंग व बोर्ड जब्त किए गए। टीम को देखते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों और व्यापारियों ने स्वयं ही अपनी दुकानों के बाहर से सामान हटाना शुरू कर दिया।

अभियान के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम पर भेदभाव का आरोप लगाया और बहसबाजी भी की।

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ चालान काटे जाएंगे और आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Tags

Next Story