अवैध मांस व मछली की दुकानों पर नगर पालिका ने चलाया पीला पंजा,2 ट्रैक्टर सामग्री जब्त

अवैध मांस व मछली की दुकानों पर नगर पालिका ने चलाया पीला पंजा,2 ट्रैक्टर सामग्री जब्त
X

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) |नगर पालिका हमीरगढ़ ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से संचालित मीट,मांस एवं मछली की दुकानों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सख्त अभियान चलाया।यह कार्रवाई नगर पालिका प्रशासक एवं उपखण्ड अधिकारी झंवर लाल मित्तल तथा अधिशाषी अधिकारी भानुप्रताप सिंह राणावत के नेतृत्व में की गई।नगर पालिका द्वारा पूर्व में संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे।इसके बावजूद जिन दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया,उनके विरुद्ध जेसीबी की सहायता से कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड, साइन बोर्ड, त्रिपाल, टीनशेड, बैनर आदि हटाकर सामग्री जब्त की गई तथा अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ चालान भी काटे गए।

अभियान के दौरान नगर पालिका टीम एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। कार्रवाई में 02 ट्रैक्टर से अधिक सामग्री जब्त की गई। प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतते हुए बड़ी संख्या में पालिका जाब्ता तैनात किया,ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।नगरपालिका क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक दर्जन से अधिक दुकानों द्वारा सरकारी भूमि एवं नालों पर अस्थायी ढांचे खड़े किए गए थे,जो यातायात एवं स्वच्छता व्यवस्था में बाधक बन रहे थे। कार्रवाई से पूर्व सभी दुकानदारों को उनके अतिक्रमण के संबंध में स्पष्ट रूप से सचेत किया गया था।इस अवसर पर एसडीएम झंवर लाल मित्तल,अधिशाषी अधिकारी भानुप्रताप सिंह राणावत के साथ कनिष्ठ अभियंता विशाल पारीक,कनिष्ठ सहायक विजय कुमार माली सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर की व्यवस्था,स्वच्छता और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Tags

Next Story