मांडलगढ़ में सरसों-चना तौल केंद्र शुरू, किसानों को मिलेगा समर्थन मूल्य का लाभ

आकोला (रमेश चंद्र डाड)मांडलगढ़ क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के संकल्प के साथ शुक्रवार को मांडलगढ़ में बड़ी सौगात दी गई। NCCF/राजफेड जयपुर द्वारा संचालित क्रय-विक्रय सहकारी समिति, मांडलगढ़ में समर्थन मूल्य पर सरसों एवं चना तौल केंद्र का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मांडलगढ़ विधायक रहे।
इस अवसर पर उपस्थित किसानों और क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा, "यह तौल केंद्र हमारे परिश्रमी किसानों को बिचौलियों से मुक्त कराकर उन्हें अपनी फसल का लाभकारी मूल्य दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा। किसान हित ही हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
शुभारंभ के पश्चात विधायक ने केंद्र पर आए किसानों से संवाद किया और केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तौल प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसी भी किसान भाई को असुविधा का सामना न करना पड़े। किसानों ने भी विधायक को अपनी समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
ये रहे उपस्थित:
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा संयोजक अनिल पारिक, मांडलगढ़ नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्याम अहीर, निवर्तमान नगर पालिका चेयरमैन संजय डांगी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य गोवर्धन वैष्णव, पार्षद अनीता सुराणा, निवर्तमान जिला परिषद सदस्य हरि लाल जाट, महुआ मंडल अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा, बरूंदनी प्रशासक गजेंद्र साहू, अरविंद वैष्णव उपस्थित रहे। साथ ही समिति प्रबंधक महिपाल सिंह कानावत, अध्यक्ष ओमप्रकाश जाट, एकाउंटेंट आलोक जेथलियाँ, वेयरहाउस मैनेजर नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व काश्तकार मौजूद रहे।
