विद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस एवं प्री होली उत्सव हर्षोल्लास से मनाया

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)
कस्बे में घाटी मोहल्ला में स्थित एक्सपर्ट माइंड पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी, मॉडल प्रस्तुति एवं विभिन्न प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को विज्ञान के महत्व तथा दैनिक जीवन में उसके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के साथ प्री होली उत्सव भी मनाया गया। विद्यार्थियों ने फूलों एवं गुलाल से एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे विद्यालय परिसर में रंग-बिरंगी खुशियों और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
विद्यालय संस्था प्रधान रेहाना बानु ने बताया की आज हमारे विद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर बच्चों ने जिस उत्साह के साथ विज्ञान प्रदर्शनी में भाग लिया, वह अत्यंत सराहनीय है। विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि सोचने और समझने का तरीका है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी नई खोज और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्री होली उत्सव के माध्यम से हमने बच्चों को खुशियों के साथ-साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल होली मनाने का संदेश भी दिया है। हमारा उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है, जिसमें शिक्षा के साथ संस्कार भी शामिल हों।इस मौके पर अध्यापक बंशी लाल कुमावत, फिरोज रंगरेज़, रेखा खटीक, सोनू गर्ग,रेणुका,भावना आदि समस्त विद्यालय स्टॉफ एवं बच्चे सभी मौजूद रहे l
