रजत जयंती वर्ष पर हनुमत धाम में नव संकल्प नवजागरण महोत्सव सम्पन्न

भीलवाड़ा। राष्ट्रीय लोक अधिकार मंच के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष में आयोजित नव संकल्प नवजागरण महोत्सव 2026 के तहत श्री एकलिंगनाथ की अखंड ज्योत के साथ मेवाड़ स्वाभिमान एवं लोक अधिकार जागरण यात्रा का भव्य कार्यक्रम हनुमत धाम, चित्तौड़ मार्ग (ट्रांसपोर्ट नगर के पास) में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम दोपहर सवा बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि हनुमत धाम के महंत श्री रामदास जी महाराज रहे। विशिष्ट अतिथियों में एडवोकेट भरत कुमावत (उदयपुर), यात्रा सहसंयोजक गणेश कुमावत, संपत सुराणा (कोठारिया, नाथद्वारा) सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश व्यास, मनीष नागौरी, आशा रामावत, सुलक्षणा शर्मा, जितेंद्र पुरोहित, मनोज शर्मा, दिनेश आर्य, अंकुश, राकेश शर्मा सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई। सभी ने एकलिंगनाथ भगवान की ज्योत यात्रा में शामिल होकर नवरात्रि के दौरान आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
गौरतलब है कि यह पावन ज्योत यात्रा एकलिंगजी, नाथद्वारा, हल्दीघाटी, खमनोर, चारभुजा, करेड़ा और रायपुर होते हुए भीलवाड़ा पहुंची है तथा आगे चित्तौड़गढ़ की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में मेवाड़ स्वाभिमान और लोक अधिकार जागरण को लेकर विभिन्न विषयों पर खुलकर चर्चा हुई। विशेष रूप से वन एवं पर्यावरण संरक्षण, नदी-नालों और तालाबों की स्थिति, बढ़ता भ्रष्टाचार और आमजन की समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया।
