नवकार महामंत्र आत्मशुद्धि और साधना का प्रतीक: राज्यपाल

नवकार महामंत्र आत्मशुद्धि और साधना का प्रतीक: राज्यपाल
X

भीलवाड़ा । जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) द्वारा मेडिसिटी ग्राउंड में आयोजित 'विश्व नवकार महामंत्र दिवस' समारोह में प्रदेश के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि नवकार महामंत्र किसी व्यक्ति विशेष की स्तुति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में रची-बसी आत्मशुद्धि और आस्था का सर्वोच्च प्रतीक है। यह मंत्र मनुष्य को आंतरिक रूप से सशक्त कर उच्चतर जीवन मूल्यों की ओर ले जाता है।

अहिंसा और शांति का मार्ग प्रशस्त करता है मंत्र

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि नवकार महामंत्र विश्व के प्राचीनतम पावन मंत्रों में से एक है, जो अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांतवाद जैसे सिद्धांतों पर टिका है। वर्तमान वैश्विक अशांति के दौर में इस मंत्र की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने तीर्थंकरों की परंपरा का स्मरण करते हुए आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति को क्रोध, मोह और द्वेष जैसे आंतरिक शत्रुओं पर विजय प्राप्त कर आत्मोन्नति का मार्ग चुनना चाहिए।

जियो और जीने दो का संदेश आज की जरूरत: गौतम दक

समारोह में विशिष्ट अतिथि सहकारिता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम दक ने कहा कि विश्व में जारी संघर्षों के बीच भगवान महावीर का 'जियो और जीने दो' का सिद्धांत ही मानवता को बचा सकता है। उन्होंने दिखावे की प्रवृत्ति को त्याग कर अपरिग्रह अपनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प दिलाया।

सामूहिक जाप से भक्तिमय हुआ वातावरण

सांसद दामोदर अग्रवाल ने भारतीय संस्कृति में निहित विश्व कल्याण की भावना पर प्रकाश डाला, वहीं विधायक अशोक कोठारी ने नवकार महामंत्र के नियमित जाप से हृदय शुद्धि और मोक्ष मार्ग की महत्ता बताई। कार्यक्रम के दौरान जब हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ सामूहिक नवकार महामंत्र का जाप किया, तो पूरा मेडिसिटी ग्राउंड आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

मंच पर जीतो अपेक्स के वाईस चेयरमैन महावीर सिंह चौधरी, भीलवाड़ा चेयरमैन मीठालाल सिंघवी और संरक्षक त्रिलोक चंद छाबड़ा मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त माण्डलगढ़ विधायक गोपाल लाल शर्मा, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इससे पूर्व, हेलीपैड पर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने राज्यपाल का भव्य स्वागत किया।

Tags

Next Story