कोदूकोटा के कालिका माता मंदिर में नवरात्र की धूम, उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़

आकोला (रमेश चंद्र डाड)। क्षेत्र के कोदूकोटा गांव स्थित प्रसिद्ध कालिका माता मंदिर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्रद्धा और उल्लास का सैलाब उमड़ रहा है। शक्ति उपासना के इस पर्व पर मंदिर परिसर को भव्य लाइटिंग और आकर्षक सजावट से सजाया गया है, जो रात्रि के समय अलौकिक आभा बिखेर रहा है।
नवरात्र के दौरान मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहता है। श्रद्धालु माता के दर्शन कर खुशहाली की मन्नतें मांग रहे हैं। मंदिर परिसर में निरंतर भजन-कीर्तन के आयोजन हो रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। इसके साथ ही यहाँ मुंडन संस्कार और विशेष प्रसादी के कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
दशहरे पर होगी विशेष परंपरा
ग्रामीणों ने बताया कि विजयादशमी (दशहरे) के दिन यहाँ एक प्राचीन और अनूठी परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। इस दिन कालिका माता जी की पाती, त्रिशूल और नेजा के साथ भव्य जुलूस निकाला जाता है। गांव के भोपाजी, ग्रामीण महिलाएं और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु नाचते-गाते हुए गाजे-बाजे के साथ धर्म तालाब पहुँचते हैं।
कलश और 'भाव' से होगी मौसम की भविष्यवाणी
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण तालाब पर होने वाली रस्म है। परंपरा के अनुसार, माताजी के भोपाजी एक खाली कलश लेकर जल में जाते हैं और उसे भरकर बाहर लाते हैं। मान्यता है कि इस दौरान भोपाजी को माताजी का 'भाव' (आध्यात्मिक संचार) आता है, जिसमें वे आने वाले वर्ष के मौसम और फसलों की स्थिति के बारे में भविष्यवाणी करते हैं। इस जानकारी को जानने के लिए बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उत्सुक रहते हैं। अंत में सभी भक्त माता के जयकारों के साथ पुनः मंदिर पहुँचते हैं।
