श्री बाबाधाम में नवरात्रा महोत्सव की धूम: भक्ति और उल्लास के साथ उमड़ रहा श्रद्धा का सैलाब

श्री बाबाधाम में नवरात्रा महोत्सव की धूम: भक्ति और उल्लास के साथ उमड़ रहा श्रद्धा का सैलाब
X

भीलवाड़ा। शहर के श्री बाबाधाम में अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में नवरात्रा महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गुरुवार प्रातः 7:15 बजे विशेष आरती के साथ ही मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा। आरती के पश्चात उन पदयात्री भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया, जिनकी मनोकामनाएं मां मंशापूर्णा के त्रिशूल पर लच्छा बांधने से पूर्ण हुई हैं।

मंदिर में प्रतिदिन प्रातः 9:15 बजे आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन और आहुतियां दी जा रही हैं। मां अन्नपूर्णा वैष्णोदेवी का प्रतिदिन मनमोहक श्रृंगार किया जा रहा है, जिससे पूरा प्रांगण भक्तिमय हो गया है। संध्या काल में आयोजित महाआरती में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। आरती के बाद मेहंदी लेने वाले भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं, वहीं संतान प्राप्ति की कामना के साथ पहुंचे दंपतियों की गोद भराई की रस्म भी संपन्न हुई। मान्यता है कि यहां की भभूत और अखंड ज्योत के घी से भक्तों को शारीरिक व मानसिक कष्टों से मुक्ति मिलती है।

कल होगा 1093वां सामूहिक सुन्दरकाण्ड पाठ

नवरात्रा के विशेष अवसर पर शनिवार, 21 मार्च 2026 को शाम 8:00 बजे से श्याम नगर स्थित श्री बाबाधाम (पुलिस लाइन के आगे) पर भव्य सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जाएगा। यह संस्था का 1093वां पाठ होगा। विनीत अग्रवाल ने बताया कि साप्ताहिक विधान के अनुसार प्रत्येक भक्त को श्री बालाजी की ज्योत लगाने और आरती का अवसर प्रदान किया जाएगा। पाठ ठीक रात्रि 10:00 बजे पूर्ण होगा, जिसके पश्चात 10:15 बजे महाआरती की जाएगी। इस आयोजन में शहर के कई राजनेता, समाजसेवी और धर्मप्रेमी शिरकत करेंगे।

Tags

Next Story