भू अभिलेख निरीक्षकों का हल्ला बोल: 26-27 फरवरी को राजस्व मंडल के बाहर महापड़ाव, डीपीसी में देरी पर आक्रोश

भू अभिलेख निरीक्षकों का हल्ला बोल: 26-27 फरवरी को राजस्व मंडल के बाहर महापड़ाव, डीपीसी में देरी पर आक्रोश
X


भीलवाड़ा (हलचल डेस्क)। राजस्थान के भू अभिलेख निरीक्षक (गिरदावर) अपनी लंबित पदोन्नति मांगों को लेकर एक बार फिर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। नियमित डीपीसी (विभागीय पदोन्नति समिति) नहीं होने और राज्य सरकार के आदेशों की अवहेलना के विरोध में प्रदेशभर के गिरदावर 26 और 27 फरवरी को अजमेर स्थित राजस्व मंडल के बाहर विशाल धरना प्रदर्शन करेंगे।

सरकार की सहमति के बाद भी अटकी डीपीसी

राजस्थान कानूनगो संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, कार्मिक विभाग की स्पष्ट सहमति और राज्य सरकार के आदेशों के बावजूद राजस्व मंडल प्रशासन जोधपुर संभाग की 'रिव्यू डीपीसी' प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा रहा है। संघ का आरोप है कि वर्ष 2025-26 के लिए आईएलआर (भू अभिलेख निरीक्षक) से नायब तहसीलदार पद पर होने वाली नियमित डीपीसी को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। मंडल की इस कार्यप्रणाली से कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है।

बिना पदोन्नति सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारी

संघ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि डीपीसी समय पर नहीं होने के कारण प्रदेश के कई वरिष्ठ गिरदावर बिना प्रमोशन पाए ही सेवानिवृत्त हो गए हैं, जबकि कई अन्य रिटायरमेंट की कगार पर खड़े हैं। यदि जल्द ही पदोन्नति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो सैकड़ों अनुभवी कार्मिकों को आर्थिक और पद प्रतिष्ठा का नुकसान उठाना पड़ेगा। गौरतलब है कि 21 फरवरी को आयोजित राजस्थान कानूनगो संघ की महासमिति की बैठक में सर्वसम्मति से इस विरोध-प्रदर्शन का निर्णय लिया गया था।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story