गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र के 64 पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 19 से

भीलवाड़ा । गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया वर्ष 2022 के लिए 19 मार्च से 21 मार्च तक महात्मा गांधी ग्राउण्ड, चेतक सर्किल के पास, उदयपुर में आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया निदेशालय, गृह रक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) के सदस्यों की उपस्थिति में सम्पन्न होगी।
समादेष्टा गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र के कमान्डेट श्री ललित व्यास ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली इस नामांकन प्रक्रिया में केन्द्र के 64 रिक्त पदों के विरुद्ध 6415 अभ्यर्थी भाग लेंगे। प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाइल पर एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। अभ्यर्थी दी गई लिंक/वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए सभी महत्वपूर्ण निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेजों जैसे मूल निवास, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र आदि के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01482-230118 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
