भगवान देवनारायण के पैनोरमा का किया अवलोकन व कॉरिडोर के प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण

भगवान देवनारायण के पैनोरमा का किया अवलोकन व कॉरिडोर के प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण
X

भीलवाड़ा, । केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि आसींद की मालासेरी डूंगरी एवं सवाई भोज की यह भूमि पवित्र एवं प्राकृतिक धरोहर है। वर्तमान समय देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भारतीय संस्कृति को मिटाने के अनेक प्रयास किए गए, लेकिन समय-समय पर देव पुरुषों ने अवतार लेकर संस्कृति की रक्षा हेतु अपने प्राण न्योछावर किए।

केंद्रीय संस्कृति मंत्री रविवार को भीलवाड़ा जिले के आसींद क्षेत्र स्थित मालासेरी डूंगरी में भगवान विष्णु के अवतार श्री देवनारायण जी के 1114वें अवतरण दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।

केंद्रीय मंत्री श्री शेखावत ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार देश की संस्कृति एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण व विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। इसी दिशा में केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकार को मालासेरी डूंगरी के विकास हेतु भव्य प्रवेश द्वार, ओपन थिएटर, भोजनशाला सहित अन्य कार्यों के लिए 48.74 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा शीघ्र ही विकास कार्य प्रारंभ होंगे।

श्री शेखावत ने विकास कार्यों के प्रस्तावित कॉरिडोर का निरीक्षण किया तथा मालासेरी डूंगरी एवं सवाई भोज मंदिर में पूजा-अर्चना कर दर्शन किए एवं यज्ञ में पूर्णाहुति दी।

राजस्थान धरोहर विकास प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत राशि से होने वाले विकास कार्यों के लिए जिला प्रशासन द्वारा भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त श्रद्धालुओं एवं आमजन को भगवान श्री देवनारायण जी के 1114वें अवतरण दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मालासेरी डूंगरी मंदिर के मुख्य पुजारी हेमराज पोसवाल ने स्वागत उद्बोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहे, जिससे आवश्यकता अनुसार विकास कार्य निरंतर होते रहें।

कार्यक्रम के अंत में आसींद विधायक जब्बर सिंह ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

यह रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद श्री दामोदर अग्रवाल, आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व विधायक रामलाल गुर्जर, जोधपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी, अनिरुद्ध सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन उपस्थित रहे।

Next Story