अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उदयपुर में ‘पांचाली’ नाटक का मंचन रव‍िवार को

उदयपुर । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के विशेष अवसर पर पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा अपनी मासिक नाट्य संध्या ‘रंगशाला’ के तहत रविवार, 8 मार्च को भव्य नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। इस बार दर्शकों को शिल्पग्राम के दर्पण सभागार में सुप्रसिद्ध नाटक ‘पांचाली’ देखने का अवसर मिलेगा।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक फ़ुरकान खान ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र द्वारा प्रति माह आयोजित होने वाली ‘रंगशाला’ श्रृंखला के अंतर्गत इस बार हिमाचल कल्चरल रिसर्च फोरम एवं थियेटर रेपेटरी द्वारा इस नाटक का मंचन किया जाएगा। महाभारत के सशक्त पात्र द्रौपदी के जीवन पर आधारित इस नाटक की परिकल्पना और निर्देशन प्रख्यात रंगकर्मी प्रो. सुरेश शर्मा ने किया है।

यह कार्यक्रम रविवार सायं ७ बजे शिल्पग्राम स्थित दर्पण सभागार में शुरू होगा। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष प्रस्तुति में आमजन का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। कला प्रेमियों और शहरवासियों के लिए यह एक उत्कृष्ट सांस्कृतिक संध्या होगी।

Next Story