सुभाष जयंती पर सुभाष मार्केट में व्यापारियों ने किया नेताजी को नमन

भीलवाड़ा (प्रहलाद तेेेली)। सुभाष जयंती के अवसर पर आज सुभाष मार्केट में व्यापारियों द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर व्यापारियों और उपस्थित नागरिकों ने जयघोष के नारे लगाकर नेताजी के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम में नेताजी सुभाष मार्केट के अध्यक्ष बाबूलाल सिंघवी ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रेरणा से ही इस बाजार का नाम सुभाष मार्केट रखा गया है। उन्होंने बताया कि नेताजी का देश की आजादी में अतुलनीय योगदान रहा है और उनके विचार आज भी युवाओं और समाज को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी ने आजाद हिंद फौज का गठन कर अंग्रेजों के खिलाफ सशक्त संघर्ष किया और देशवासियों में स्वतंत्रता की अलख जगाई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने नेताजी के त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देश के लिए समर्पण का प्रतीक है। व्यापारियों ने उनके आदर्शों को अपनाने और ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सुभाष मार्केट देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। अंत में सभी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्रहित में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
