विश्व कैंसर दिवस पर आसींद में महिलाओं के लिए नि:शुल्क कैंसर जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित

विश्व कैंसर दिवस पर आसींद में महिलाओं के लिए नि:शुल्क कैंसर जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित
X

भीलवाड़ा। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आसींद में महिलाओं के लिए एक दिवसीय नि:शुल्क कैंसर जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आसींद तेरापंथ महिला मंडल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आरोग्यम अभियान के तहत बुधवार को आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलम भोजवानी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। उन्होंने पैप स्मियर जांच को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि इस जांच के माध्यम से कैंसर से पूर्व की अवस्था का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे इसका पूर्ण उपचार संभव है। उन्होंने महिलाओं से नियमित जांच और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीआई श्रद्धा पंचोली रहीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. भूपेंद्र भोजवानी, एन.एस. डॉ. पूजा गढ़वाल, डॉ. राकेश दरिया एवं डॉ. मुकेश डांगी सहित अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों, जीवनशैली और समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी।

तेरापंथ महिला मंडल की पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर की तैयारियां पिछले एक माह से की जा रही थीं और महिलाओं को घर-घर जाकर जागरूक किया गया। शिविर में नि:शुल्क पैप स्मियर जांच की गई। इस अवसर पर महिला मंडल की कार्यकर्ता, पुलिस प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Next Story