राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मिडिएशन फॉर नेशन अभियान को सफल बनाने हेतु ऑनलाइन बैठक आयोजित, दिए दिशा निर्देश

भीलवाड़ा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार 13 सितम्बर 2025 को प्रस्तावित तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मिडिएशन फॉर नेशन अभियान की तैयारियों को लेकर आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन ने जिले के सभी न्यायिक अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में अभियान की सफलता हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष अभय जैन ने न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी पीठासीन अधिकारी प्रत्येक पेशी पर प्रभावी कार्यवाही करें, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि राजीनामा योग्य मामलों को चिन्हित कर उनमें मध्यस्थ नियुक्त किए जाएं। अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के सहयोग से मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का निपटारा किया जाए, जिससे अधिक से अधिक मामलों का समाधान लोक अदालत के माध्यम से हो सके।
बैठक की शुरुआत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विशाल भार्गव ने अब तक की गई तैयारियों एवं न्यायालयों द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी अध्यक्ष को दी। बैठक में जिले के सभी न्यायिक अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।
